Helpline +919415567039 || bs.up@smarthindustan.news

Updated Wed, 08 May 2021 11:35 PM

दसिया में 30 बेड का कोविड डेडीकेटेड अस्पताल बनाया गया

जागरण संवाददाता, बस्ती: एसआर हॉस्पिटल एंड मेडिकल इंस्टीट्यूट दसिया (रुधौली) को 30 बेड का कोविड डेडीकेटेड अस्पताल बनाया गया है। इसमें आक्सीजन के 30 सिलेंडर हैं, एक वेंटीलेटर है तथा 14 बेड का आईसीयू है। डीएम के निर्देश पर सीएमओ डा.अनूप कुमार ने टीम के साथ अस्पताल का निरीक्षण किया। कोविड-19 के मानक के अनुरूप व्यवस्थाएं करने के लिए अस्पताल के निदेशक डा.अवधेश कुमार को निर्देशित किया है। निदेशक ने बताया कि वह 24 घंटे के भीतर सभी मानक पूरा करा लेंगे। उनके पास नौ डॉक्टर तथा 26 स्टाफ हैं। सीएमओ के निर्देशानुसार अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों को गरम पानी, काढ़ा, सुबह-शाम नाश्ता एवं भोजन तथा अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराना होगा। यहां भर्ती सभी मरीजों का नियमित रूप से ऑक्सीजन, पल्स, बुखार जांच करनी होगी। अन्य प्रकार से मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। अस्पताल में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाएगा तथा सुबह, दोपहर, शाम सैनिटाइजेशन कराया जाएगा। आज से कोरोना रोगियों की पहचान के लिए चलेगा अभियान

कार सवार लोगों पर जानलेवा हमला, दो गंभीर

जागरण संवाददाता, बस्ती : मुंडेरवा थाना क्षेत्र के भैंसा पांडेय गांव निवासी चारपहिया वाहन सवार लोगों पर गांव के ही कुछ लोगों ने लोहे की राड व ईंट से जानलेवा हमला कर दिया। घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले में नौ लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। भैंसा पांडेय गांव निवासी मनीष पांडेय ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके घर के धर्मेश पांडेय, आदर्श पांडेय और दिलीप पांडेय चारपहिया वाहन से घर आ रहे थे। इसी बीच रास्ते में पुरानी रंजिश को लेकर गांव के ही कुछ लोगों ने गाड़ी को रोक लिया और लोहे की राड और ईंट से हमला कर दिया। घटना में धर्मेश पांडेय व आदर्श पांडेय गंभीर चोट लगने से बेहोश हो गए। पुलिस ने मामले में आरोपित राजन पांडेय, संदीप पांडेय, चंदन पांडेय, नंदन पांडेय, शक्ति पांडेय, सतीश पांडेय, प्रेमचंद्र, राहुल पांडेय व अनिल पांडेय के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

घरों में अदा की गई अलविदा की नमाज

जागरण संवाददाता, बस्ती: कोरोना क‌र्फ्यू के चलते माहे रमजान के अलविदा की नमाज इस बार भी घरों में अदा की गई। कोरोना को लेकर सरकार की ओर से जारी गाइडलाइन के अनुसार मस्जिदों में सिर्फ पांच लोग ही नमाज पढ़ सके। अलविदा की नमाज को लेकर पुलिस-प्रशासन ने भी पूरी तैयारी की हुई थी। अधिकारियों ने महामारी के बढ़ते प्रकोप और कोरोना क‌र्फ्यू का हवाला देते हुए मुस्लिम समुदाय के लोगों से गुरुवार को ही घरों में ही नमाज अदा करने की अपील की थी। वहीं मुस्लिम धर्मगुरुओं ने भी कोरोना महामारी को देखते हुए घरों में रहकर ही नमाज अदा करने का अनुरोध किया था। वहीं जिला प्रशासन ने मस्जिदों में कोरोना को लेकर जारी सरकारी गाइडलाइन के अनुसार पांच लोगों को ही नमाज अदा करने की अनुमति दी थी। ऐसे में सभी मस्जिदों में पांच-पांच अकीदतमंदों ने अलविदा की नमाज अदा की।